जोधपुर में सोमवार रात करीब 11:30 बजे मामूली बात को लेकर दो गुट आमने-सामने हो गए। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से जालोरी गेट चौराहे पर देर रात जमकर पत्थरबाजी की गई। मौके पर पुलिस और आरएसी का जाब्ता पहुंचा और स्थिति को कंट्रोल किया। फिर दोनों पक्षों के लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। हालांकि देर रात एक गुट के लोग वापस लौटे तो मामला फिर गरमा गया। देर रात तक भारी पुलिस बल जालोरी गेट और ईदगाह क्षेत्र में तैनात रहा।

Jodhpur News
दरअसल, जालोरी गेट चौराहे पर कुछ लोग झंडे लगा रहे थे। इस दौरान वीडियो बनाते एक शख्स को कुछ युवकों ने पीट दिया। कुछ लोग बीच-बचाव करने आए तो उन्हें भी पीटा। इसके बाद दूसरे गुट ने सामने वाले गुट पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया।

एक बार शांति हुई, फिर पलटकर लौटी भीड़ का उपद्रव
दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक पत्थरबाजी और हंगामा चलता रहा। इसमें एक मीडियाकर्मी सहित कुछ लोग भी घायल हुए। जालोरी गेट चौकी पर भी पथराव। पुलिस ने 12:30-1 बजे एकबारगी तो खदेड़कर और समझाकर मामला शांत करवाया। पुलिस ने पूरे चौराहे की बैरिकेडिंग की।
इस दौरान एक पक्ष जालोरी गेट के पास एकत्र था तो दूसरा पक्ष ऑक्सफोर्ड स्कूल के पास अपने क्षेत्र में चला गया। थोड़ी देर बाद दो नेता जालोरी गेट आए और पुलिस से बात की, फिर चले गए। इसके कुछ ही देर बाद 1:15-1:30 बजे ऑक्सफोर्ड स्कूल की रोड से हुजूम आया और तेजी से पथराव कर दिया। इसे देखकर जालोरी गेट की ओर से दूसरे पक्ष ने भी जवाबी पत्थर फेंके। पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देखकर ऑक्सफोर्ड स्कूल की ओर आंसू गैस के गोले छोड़े।

डीसीपी-एसएचओ सहित कई चोटिल
इस पत्थरबाजी में 2 पुलिसकर्मी सहित उदयमंदिर एसएचओ अमित सिहाग व डीसीपी ईस्ट भुवनभूषण यादव को भी चोट लगी। पुलिस ने खदेड़कर लोगों को घरों में भेजा। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस जाब्ता ईदगाह रोड पर और जालोरी गेट चौराहे पर तैनात किया गया। जालोरी गेट की ओर आने वाले कई रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद किया गया। देर रात सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास और निगम दक्षिण मेयर वनिता सेठ भी मौके पर पहुंचे और रात ढाई बजे तक पुलिस चौकी के बाहर बैठे थे।
घटना के बाद सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट किया, जालोरी गेट, जोधपुर पर दो गुटों में झड़प से तनाव पैदा होना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन को हर कीमत पर शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। जोधपुर, मारवाड़ की प्रेम एवं भाईचारे की परंपरा का सम्मान करते हुए मैं सभी पक्षों से मार्मिक अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें एवं कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।